शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के तत्वावधान में चल रहे “आओ करें संस्कारवान पीढ़ी” अभियान के अंतर्गत गायत्री मंदिर शिवपुरी में गर्भ उत्सव संस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर के मुख्य मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ, जिसमें 26 गर्भवती माताओं का विधि-विधान से गर्भ संस्कार कराया गया।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉ. पी.के. खरे ने गर्भ संस्कार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान माता के विचार, आहार-विहार, वातावरण और संस्कारों का सीधा प्रभाव गर्भस्थ शिशु पर पड़ता है। यदि गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक विचार, सात्विक भोजन, नियमित योग-प्राणायाम, अच्छे साहित्य का अध्ययन तथा शांत और प्रेमपूर्ण वातावरण रखा जाए तो आने वाली संतान संस्कारवान, प्रतिभाशाली और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बन सकती है।
उन्होंने बताया कि गर्भ संस्कार के माध्यम से माताओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच रखने, धार्मिक एवं आध्यात्मिक साहित्य पढ़ने, मधुर संगीत सुनने तथा घर में प्रेम और सहयोग का वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाता है। इससे गर्भस्थ शिशु का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास बेहतर होता है।
इस अवसर पर गायत्री परिवार की महिला प्रकोष्ठ की सक्रिय सदस्य विजय लक्ष्मी पारिख द्वारा सभी गर्भवती माताओं को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गर्भ संस्कार कराया गया तथा उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शक्तिशाली महिला संगठन समिति की टीम की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान के लिए विजय लक्ष्मी पारिख का शॉल, श्रीफल एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित गर्भवती माताओं को गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक विचार, संतुलित आहार, तनावमुक्त जीवन तथा परिवार में प्रेमपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में वैदिक यज्ञ के दौरान अभिमंत्रित खीर एवं औषधि का पान सभी गर्भवती माताओं को कराया गया तथा उनके स्वस्थ, संस्कारवान और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नारी जागरण अभियान की प्रभारी श्रीमती बबीता मित्तल, संस्कार वर्ग पीठ की प्रभारी गीता राजावत तथा गायत्री परिवार के महिला मंडल की सक्रिय कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर कार्यक्रम की व्यवस्था, गर्भवती माताओं के मार्गदर्शन तथा संस्कार प्रक्रिया को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें