शिवपुरी। नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसी ध्येय को चरितार्थ करते हुए 'इनरव्हील क्लब शिवपुरी प्राइड' ने ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर बदलने का बीड़ा उठाया है। Inner Wheel India Literacy Mission (IILM) के अंतर्गत एसोसिएशन ऑफ इनरव्हील क्लब्स इन इंडिया (2025-26) के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए क्लब ने ग्राम तिलऊ के शासकीय प्राथमिक विद्यालय को गोद लेकर उसे 'हैप्पी स्कूल' का दर्जा दिलाया है।
शहर नहीं, गांव को चुना विकास के लिए
क्लब अध्यक्षा विजया राजे चौहान ने बताया कि अक्सर सामाजिक संस्थाएं शहर के स्कूलों तक तो पहुँच जाती हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। इसी सोच के साथ तिलऊ ग्राम के स्कूल का चयन किया गया। IILM द्वारा निर्धारित 10 कड़े मापदंडों में से क्लब ने 6 महत्वपूर्ण क्राइटेरिया को सफलतापूर्वक पूरा किया, जिससे यह विद्यालय अब एक 'आदर्श हैप्पी स्कूल' बन चुका है।
सदस्यों के साझा प्रयासों से बदली सूरत
* शिक्षा और स्टेशनरी: क्लब के सदस्यों के सहयोग से बच्चों को पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। विशेष रूप से, अध्यक्षा विजया राजे चौहान ने स्वयं स्टेशनरी की जिम्मेदारी उठाई और वे हर माह स्कूल जाकर प्रतियोगिताएं आयोजित कर बच्चों को पुरस्कृत करती हैं।
* खेल-कूद: क्लब ISO अमीषा जैन की ओर से बच्चों के शारीरिक विकास के लिए 2 झूले और कैरम बोर्ड प्रदान किए गए।
* बुनियादी सुविधाएं: चार्टर प्रेसिडेंट सरिता गोयल के सहयोग से बच्चों के बैठने की व्यवस्था और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की गई। साथ ही, लंबे समय से बंद पड़े स्कूल के हैंडपंप को भी दुरुस्त कराया गया।
* यूनिफॉर्म और बैग: क्लब ट्रेजरार रूबी जैन द्वारा बच्चों को गरम इनर, मोजे और कैप वितरित किए गए। वहीं, प्रिया अरोरा की तरफ से भी बच्चों को स्कूल बैग भेंट किए गए।
शिक्षा के साथ संस्कार और जागरूकता
क्लब ने केवल बच्चों की शिक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों पर भी काम किया। प्रौढ़ शिक्षा अभियान के तहत गांव की 23 महिलाओं को साक्षर कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा गया। राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त और 26 जनवरी बच्चों के साथ उल्लासपूर्वक मनाए गए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया और बच्चों को पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस बदलाव से न केवल स्कूल का वातावरण खुशनुमा हुआ है, बल्कि बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह भी बढ़ा है। क्लब के इन प्रयासों की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें