*मरीजों से संवाद कर जाना हाल, बुजुर्ग के तत्काल इलाज का किया आग्रह
*बेटियों से HPV टीकाकरण का आह्वान, नर्सिंग छात्रों को किया प्रेरित
शिवपुरी/ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की धर्मपत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने आज शिवपुरी में आयोजित नि:शुल्क विशाल स्वास्थ्य शिविर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में एचपीवी वैक्सीन सुविधा का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह पहल क्षेत्र की महिलाओं और बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर के दौरान प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने पूरे परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लॉक A से लेकर ब्लॉक C तक सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए रजिस्ट्रेशन काउंटर, ऑपरेशन थिएटर और चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित 4 मोबाइल मेडिकल बसों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक व्यवस्था की बारीकियों को समझते हुए अधिकारियों को सुचारू संचालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
मरीजों से संवाद, संवेदनशीलता के साथ तत्काल सहायता का आग्रह
शिविर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान वे एक बुजुर्ग व्यक्ति से मिलीं, जो पिछले चार वर्षों से जोड़ों के दर्द से पीड़ित थे। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और जनसेवकों से आग्रह करते हुए कहा कि बुजुर्ग को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए और उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा तक पहुँचाया जाए।
इस पर बुजुर्ग भावुक हो गए और उनकी भावुकता को देखते हुए प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने उनका हाथ थामकर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि “मुझे मालूम है किआपको दर्द से गुजरना पड़ रहा है लेकिन चिंता मत करिए, दिल्ली और भोपाल से आए विशेषज्ञ डॉक्टर आपके उपचार के लिए उपलब्ध हैं, इसलिए आपको चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।” “यह तो खुशी का दिन है, आज आपको रोना नहीं चाहिए बल्कि मुस्कुराना चाहिए।” साथ उन्होंने बुजुर्ग को विश्वास भी दिया कि यहां अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं और सर्जरी की आवश्यकता होने पर सर्जरी भी करवाई जाएगी जिससे वे पूरी तरह ठीक हो जाएंगे।
नर्सिंग छात्रों से संवाद, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा
अपने दौरे के दौरान उन्होंने नर्सिंग एवं चिकित्सा के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। साथ ही विशेष रूप से छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन करने का संदेश दिया। उन्होंने हाईटेक सुविधाओं से सुसज्जित नेत्र परीक्षण बस का निरीक्षण किया और चिकित्सकों से उसमें उपलब्ध आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बेटियों से HPV टीकाकरण का आह्वान
प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने क्षेत्र की बेटियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस निशुल्क शिविर में आकर एचपीवी टीका लगवाएं, जिससे वे जीवनभर के लिए सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल उपचार ही नहीं, बल्कि जागरूकता और रोकथाम की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें