Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_खास_खबर: केंद्रीय मंत्री द ग्रेट ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास में अत्याधुनिक जैकिट फैक्ट्री का किया लोकार्पण

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*600 मशीनों से प्रतिदिन 2000 जैकेट उत्पादन, 1800 महिलाओं को मिलेगा रोजगार
*‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में नारी सशक्तिकरण की ऐतिहासिक पहल
शिवपुरी/बदरवास। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज बदरवास में अदानी समूह के सहयोग से स्थापित अत्याधुनिक ‘परिधान प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र’ का लोकार्पण कर क्षेत्र को एक बड़ी औद्योगिक सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने फैक्ट्री का विस्तृत निरीक्षण किया तथा सिलाई और बटन अटैचिंग मशीनों पर कार्यरत दीदियों से संवाद करते हुए उत्पादन प्रक्रिया को विस्तार से समझा।
बदरवास बनेगा प्रदेश का प्रमुख उत्पादन केंद्र: सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बदरवास अब पूरे प्रदेश का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है, जहां से तैयार उत्पाद पूरे देश में भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक ओर चंदेरी अपनी पारंपरिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है, उसी प्रकार बदरवास आने वाले समय में जैकेट निर्माण के लिए जाना जाएगा।
महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का नया मार्ग
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस फैक्ट्री के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह ₹15,000 से ₹20,000 तक की आय प्राप्त होगी, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी और ‘लखपति दीदी’ के रूप में उभरेंगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से मशीनों की संख्या बढ़ाकर 600 की जाएगी, जिससे लगभग 1800 महिलाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा और दीदियां ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक और उत्पादन क्षमता
उन्होंने बताया कि यह 50,000 वर्गफुट में फैली फैक्ट्री साधारण सिलाई इकाई नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्थापित अत्याधुनिक उत्पादन केंद्र है, जिसमें वर्तमान में 160 मशीनें लगी हैं। जहां पहले एक दिन में लगभग 10 जैकेट का निर्माण संभव था, वहीं अब यह क्षमता बढ़कर प्रतिदिन 2000 जैकेट तक पहुंच गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहां निर्मित जैकेट दिल्ली और मुंबई ही नहीं, बल्कि लंदन, पेरिस और जिनेवा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेंगे।
दीदियां बनेंगी कंपनी की मालिक
सिंधिया ने बताया कि भविष्य में इस इकाई को एक कंपनी के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें कार्यरत महिलाएं ही शेयरहोल्डर होंगी। अगले तीन वर्षों में इस कंपनी का स्वामित्व भी इन्हीं दीदियों को सौंपने की योजना है, जिससे वे केवल श्रमिक नहीं, बल्कि इस उद्योग की मालिक बनेंगी।
तेज़ी से पूर्ण हुआ संकल्प, निरंतर निवेश से सशक्त हो रहा शिवपुरी
विदित रहे की इस फैक्ट्री का शिलान्यास 9 जनवरी 2025 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा ही किया गया था, और यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि मात्र डेढ़ वर्ष से भी कम समय में यह अत्याधुनिक इकाई पूर्ण रूप से तैयार होकर संचालन के लिए तैयार हो गई। यह सिंधिया द्वारा लिए गए संकल्पों के त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन का सशक्त उदाहरण है। साथ ही, शिवपुरी क्षेत्र में निरंतर निवेश को प्रोत्साहित करने और नई औद्योगिक परियोजनाओं को धरातल पर लाने के लिए सिंधिया लगातार प्रयासरत हैं, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को निरंतर गति मिल रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल केवल एक फैक्ट्री की स्थापना नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का एक सशक्त मॉडल है, जो आने वाले समय में बदरवास को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाएगा।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129