Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_अच्छी_खबर: CITI आईटीबीपी शिवपुरी ने 25 अप्रैल को अपना 14वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया

शनिवार, 25 अप्रैल 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। सीआईटीआई (संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान), आईटीबीपी शिवपुरी मप्र ने 25 अप्रैल 2026 को अपना 14वां स्थापना दिवस पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया। समारोह में संस्थान के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और हिमवीरों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य परेड रही, जिसमें जवानों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रोशन लाल ठाकुर ने परेड का निरीक्षण कर सभी कार्मिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।















अपने संबोधन में डीआईजी श्री ठाकुर ने वर्ष 2012 में स्थापना के बाद से संस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि अब तक 518 से अधिक बेसिक, प्रोमोशनल और इन-सर्विस कोर्स संचालित किए जा चुके हैं, जिनमें 14 हजार से ज्यादा प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षित किया गया है। संस्थान में आधुनिक संचार तकनीक, साइबर सुरक्षा, नेटवर्क प्रबंधन, माइक्रोवेव संचार, सर्विलांस और ड्रोन तकनीक जैसे अत्याधुनिक विषयों पर उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान को वर्ष 2019 में बेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का सम्मान मिल चुका है और एनएससीएसटीआई द्वारा प्रमाणन भी प्राप्त है। राष्ट्रीय स्तर पर भी संस्थान की प्रतिभा का लोहा मनवाया गया है। 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट-2026 नागपुर में संस्थान के प्रशिक्षित कार्मिकों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और कांस्य पदक हासिल किए। आईटीबीपी टीम ने समग्र टीम इवेंट में रनर-अप स्थान प्राप्त किया, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से पुलिस को सशक्त बनाना इवेंट में विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा वर्ष 2025 में संस्थान के 6 कार्मिकों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए डीजी कमेंडेशन रोल से सम्मानित किया गया।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129