Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_,बड़ी_खबर: केंद्रीय मंत्री द ग्रेट सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ 1059 करोड़ के सीमेंट प्लांट का किया शिलान्यास, 130 करोड़ के विकास कार्यों का भी लोकार्पण

रविवार, 10 मई 2026

/ by Vipin Shukla Mama
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत विज़न के तहत मध्य प्रदेश के गुना को अदानी समूह की ₹1200 करोड़ से अधिक औद्योगिक निवेश की ऐतिहासिक सौगात
*”मोहन-ज्योति की जोड़ी गुना के युवाओं के लिए उनके ही अंचल में रोजगार की सौगात लेकर आई है”
*मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया के रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, पुष्पवर्षा और नारों से हुआ स्वागत
गुना/भोपाल/ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री एवं गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज गुना में  ₹1059 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले अडाणी समूह के अत्याधुनिक अम्बुजा सीमेंट प्लांट का शिलान्यास किया तथा लगभग ₹130 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। यह परियोजना मध्य प्रदेश के लिए अड़ानी समूह की बड़ी सौगात के रूप में देखी जा रही है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 विज़न और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गुना अब औद्योगिक एवं अधोसंरचनात्मक विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के समक्ष क्षेत्र के विकास की मांगों को भी रखा।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अपने संबोधन की शुरुआत टेकरी सरकार, बीस भुजा माता और माँ निहाल देवी को नमन करते हुए की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि आज का दिन गुना के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है, क्योंकि यह केवल एक उद्योग का शिलान्यास नहीं, बल्कि पूरे अंचल के औद्योगिक भविष्य की नई नींव है।
पिताजी के औद्योगिक विज़न से अडाणी निवेश तक, गुना लिख रहा विकास की नई इबारत
सिंधिया ने कहा कि गुना उनके लिए केवल संसदीय क्षेत्र नहीं, बल्कि जन्मभूमि और कर्मभूमि है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय माधवराव सिंधिया को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने दशकों पहले इस क्षेत्र के औद्योगिक भविष्य की कल्पना करते हुए GAIL और NFL जैसी परियोजनाओं की मजबूत नींव रखी थी। आज अडाणी समूह का यह निवेश उसी दूरदर्शी सोच का विस्तार है। सिंधिया ने कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है और वे उसी विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
अडाणी समूह का निवेश गुना के औद्योगिक भविष्य की मजबूत नींव
सिंधिया ने कहा कि उनके सतत प्रयत्न और अड़ानी समूह के सहयोग के परिणामस्वरूप  इस समूह ने पूरे अंचल में लगभग ₹3500 करोड़ के निवेश का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि ₹1059 करोड़ की लागत से लग रहा लगभग 32 हेक्टेयर में विकसित होने वाला यह सीमेंट प्लांट क्षेत्र की अपनी तरह की पहली अत्याधुनिक इकाई होगी। परियोजना के प्रथम चरण में 2 MTPA क्षमता स्थापित की जाएगी, जिसे दूसरे चरण में बढ़ाकर कुल 4 MTPA किया जाएगा। सिंधिया ने कहा कि इस परियोजना से 500 प्रत्यक्ष एवं लगभग 1000 अप्रत्यक्ष रोजगार सहित कुल 1500 रोजगार सृजित होंगे, जिससे लगभग 3500 परिवारों में नई आर्थिक समृद्धि आएगी। इससे चंबल क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के युवाओं को लाभ मिलेगा।
युवाओं को अब दिल्ली पुणे जाने की आवश्यकता नहीं, घर में ही मिलेगा रोजगार
सिंधिया ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अब रोजगार के लिए दिल्ली, मुंबई या पुणे जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि अवसर स्वयं गुना की धरती पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक अब बेटा अपनी माँ के पास रहकर ही सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकेगा, यही सच्चा विकास है। मोहन-ज्योति की जोड़ी गुना के युवाओं के लिए उनके ही अंचल में रोजगार की सौगात लेकर आई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में उद्योगों को मिला नया विश्वास
सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग और निवेश तभी आते हैं जब सरकार की नीयत स्पष्ट, नीतियाँ पारदर्शी और क्रियान्वयन तेज हो। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भूमि आवंटन जैसी प्रक्रियाओं आसान बनाया है जिससे निवेश को बढ़ावा मिल रहा है। 
जनता की मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर शीघ्र निर्णय का आग्रह
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद सिंधिया ने गुना क्षेत्र की विभिन्न जनआवश्यकताओं और विकास संबंधी मांगों को प्रमुखता से रखा। सिंधिया ने गुनिया नदी के लगभग 12 किलोमीटर क्षेत्र के संपूर्ण जीर्णोद्धार की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण, पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने लक्ष्मण कोटरा धार्मिक स्थल से रामनगर टकोरिया तक पार्वती नदी पर पुल निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि यह पुल बनने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सिंधिया ने गुना शहर के प्राचीन गुजरिया तालाब के सौंदर्यीकरण का विषय भी उठाया। इसके साथ ही उन्होंने बमोरी को सब-डिवीजन घोषित करने तथा म्याना में नवीन तहसील गठन की मांग रखते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए 60 किलोमीटर दूर गुना नहीं आना पड़ेगा और आमजन के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आएगा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सभी मांगों को स्वीकार कर इनपर शीघ्र काम शुरू करवाने की बात कही। गुना की सड़कों पर दिखा उत्साह, जगह-जगह जनता ने किया अभिनंदन
कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना में भव्य रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन, युवा, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। एयरस्ट्रिप से दशहरा मैदान तक निकले रोड शो के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ जनता ने केंद्रीय मंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पूरे मार्ग पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार एक समान दृष्टि और लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप गुना सहित पूरा क्षेत्र तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129