Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: हाय हाय गर्मी, शिक्षकों का ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ा, अब 7 जून तक रहेगा अवकाश

शनिवार, 30 मई 2026

/ by Vipin Shukla Mama
भोपाल। मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश में वृद्धि कर दी है। अब 7 जून तक अवकाश रहेगा। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किए जाने और शिक्षकों द्वारा गर्मी के दौरान जनगणना एवं बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े कार्य संपादित किए जाने को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पूर्व में घोषित अवकाश कार्यक्रम में संशोधन करते हुए शिक्षकों के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि अब 01 मई 2026 से बढ़ाकर 07 जून 2026 तक कर दी गई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रदेश में वर्तमान समय में अत्यधिक गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियां निर्मित हैं। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है। ऐसी स्थिति में शिक्षकों के स्वास्थ्य हित को ध्यान में रखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश दिनांक 24 मार्च 2026 में संशोधन किया गया है।
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि दशहरा, दीपावली एवं शीतकालीन अवकाश पूर्ववत यथावत रहेंगे। आदेश की प्रति समस्त संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना समन्वयकों को भेजी गई है, ताकि प्रदेशभर में इसका पालन सुनिश्चित कराया जा सके।
शिक्षकों को राहत
भीषण गर्मी के बीच शिक्षकीय कार्यों, जनगणना और बोर्ड परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के कारण शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ था। ऐसे में अवकाश अवधि बढ़ाए जाने को शिक्षकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की दृष्टि से राहतकारी निर्णय माना जा रहा है।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129