* प्रभारी मंत्री प्रदुम्न तोमर खोड़ के योग दिवस कार्यक्रम में हुए शामिल
shivpuri शिवपुरी। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज जनपद पंचायत पिछोर की ग्राम पंचायत खोड़ स्थित धार महादेव मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम के साथ आयोजित योग कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के साथ सामूहिक योगाभ्यास का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, स्थानीय विधायक श्री देवेंद्र जैन, जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव एवं कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
सामूहिक योगाभ्यास से मिला स्वस्थ जीवन का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की एक अमूल्य धरोहर है, जो हमें निरोगी काया और मानसिक शांति प्रदान करती है। उन्होंने इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे योग को अपनाकर न केवल स्वयं को स्वस्थ रखें, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाएं। योगाभ्यास सत्र के दौरान नागरिकों में विशेष उत्साह देखा गया।
पर्यावरण संरक्षण हेतु किया वृक्षारोपण
योग के माध्यम से स्वास्थ्य का संदेश देने के साथ ही प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने पर्यावरण संरक्षण का आह्वान भी किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा, विधायक श्री देवेंद्र जैन एवं जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव ने धार महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प दिलाते हुए अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, एसडीम ममता शाक्य, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों, युवाओं और योग साधकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
*राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी - प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर*
प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत खोड में उचित मूल्य दुकान का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
शिवपुरी। जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्राम पंचायत खोड स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने खाद्यान्न वितरण केंद्र के स्टॉक रजिस्टर का सूक्ष्म अवलोकन किया तथा पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही राशन वितरण प्रक्रिया की सघन जांच की। प्रभारी मंत्री ने केंद्र पर उपलब्ध खाद्यान्न की गुणवत्ता को भी स्वयं परखा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हितग्राहियों को उच्च गुणवत्तायुक्त राशन प्राप्त हो।
अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर और सही मात्रा में राशन मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है और इसमें किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राशन केंद्र पर व्यवस्थाओं को हर हाल में चुस्त-दुरुस्त रखा जाए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण केंद्र का नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए ताकि राशन वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। कलेक्टर श्री वर्मा ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक हितग्राही को बिना किसी बाधा के खाद्यान्न समय पर मिले और यदि संचालन में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों व दुकान संचालकों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जनचौपाल: प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
*हितग्राहियों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान, शासन की योजनाओं का मिला सीधा लाभ
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आज जन चौपाल में नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
जनपद पंचायत पिछोर की ग्राम पंचायत खोड़ स्थित धार महादेव मंदिर परिसर में आमजन की समस्याओं के निराकरण एवं केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनचौपाल का आयोजन किया गया।जिसमें शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन, जिसमें कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा, जिलाध्यक्ष श्री जसवंत जाटव, अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश
जनचौपाल में ग्रामीणों द्वारा विद्युत, राजस्व, कृषि, खाद्यान्न, पेंशन, स्वास्थ्य, सहित अन्य विभागों के संबंधित समस्याओं को प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने एक एक कर बड़ी गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपकर उनके उचित ओर त्वरित निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी प्राथमिकता
प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने कहा कि जनचौपाल का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
'स्कूल चलो अभियान' के तहत साइकिल वितरण
प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 'स्कूल चलो अभियान' को गति देते हुए छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने न केवल उनकी शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं को जाना, बल्कि उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और जीवन में ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ
प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया जिसमें मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत श्री चिल्लू जाटव को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और आजीविका मिशन के अंतर्गत श्रीमती सीमा रजक को 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। साथ ही, लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र, वृद्धावस्था पेंशन, राजस्व विभाग के हितलाभ और पशुधन क्रेडिट कार्ड पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए। इस दौरान मंत्री श्री तोमर ने प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।
प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने समापन अवसर पर कहा कि जनचौपाल के माध्यम से शासन-प्रशासन सीधे जनता के द्वार पहुँच रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में त्वरित कार्रवाई न करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। ग्रामीणों ने भी सरकार की इस संवेदनशील पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें