शिवपुरी, 12 जून 2026। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आई.टी.बी.पी.) की दूरसंचार वाहिनी का कार्यभार आज दिनांक 12 जून 2026 को श्री राजीव लोचन शुक्ल, उप महानिरीक्षक (डी.आई.जी.) ने विधिवत ग्रहण कर लिया। उल्लेखनीय है कि श्री राजीव लोचन शुक्ल वर्ष 1992 बैच के दूरसंचार कैडर के अधिकारी है जो कि आई.टी.बी.पी. में दूरसंचार कैडर के सबसे वरिष्ठतम अधिकारी है। वे आई.टी.बी.पी. के ईस्टर्न कमांड मुख्यालय, गुवाहाटी से स्थायी स्थानांतरण पर दूरसंचार वाहिनी में पदस्थ हुए हैं।
श्री शुक्ल इससे पूर्व वर्ष 2019 से 2023 तक दूरसंचार वाहिनी, आई.टी.बी.पी. शिवपुरी का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर चुके हैं। उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता तथा दूरसंचार प्रबंधन में उत्कृष्ट योगदान को बल में विशेष रूप से सराहा जाता रहा है। उनके आगमन पर वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ कार्मिकों तथा स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत श्री शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि आई.टी.बी.पी. की गौरवशाली परंपराओं एवं मूल्यों के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, कड़ा अनुशासन, पारदर्शिता तथा पेशेवर दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों से अनुशासन, समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु समर्पित रहने का आह्वान किया। श्री शुक्ल ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग, प्रतिबद्धता एवं सामूहिक प्रयासों से दूरसंचार वाहिनी नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी तथा बल की प्रतिष्ठा को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।














सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें