Responsive Ad Slot

Latest

latest

#मामा_का_धमाका_न्यूज: छुट्टियां खत्म, कई स्कूलों से बच्चे सहित शिक्षक नदारद, डीपीसी ने ग्रामीण अंचल के दर्जनभर स्कूलों का किया निरीक्षण, लापरवाहों पर होगी कार्यवाही

मंगलवार, 23 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों का ग्रीष्म अवकाश 8 जून को तो विद्यार्थियों का 15 जून को खत्म हो चुका है, लेकिन अभी भी जिले के कई स्कूलों में बच्चों और शिक्षकों पर से छुट्टियों की खुमारी नहीं उतरी है। जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार द्वारा लगातार जारी स्कूलों के निरीक्षण के क्रम में शिवपुरी विकासखण्ड सहित जिले के दूरस्थ अंचल के स्कूलों के बीते रोज किए गए निरीक्षण में यह हकीकत सामने आई है। इस दौरान कहीं स्कूलों पर ताले लटके मिले तो कहीं शिक्षक अनुपस्थित थे। इतना ही नहीं कुछ स्कूलों में शिक्षक तो मिले पर बच्चे नदारद थे। लापरवाही के ऐसे मामलों को लेकर डीपीसी ने लापरवाहों को नोटिस जारी कर जबाव तलब किया है और कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है। 
जमोनिया स्कूल पर ताला तो गहलोनी में शिक्षक हस्ताक्षर कर मिला नदारद
डीपीसी सिकरवार जब शिवपुरी के प्रावि जमोनिया पहुंचे तो यहां दोपहर 2.10 बजे स्कूल पर ताला लटका था। कक्षों में गंदगी पसरी हुई थी तो वहीं खिड़कियां टूटी हुई थीं। यहां कक्षा 1 में लक्षित 6 में से एक भी बच्चे का प्रवेश नहीं हुआ तो वहीं 34 में से सिर्फ 6 अपार आईडी बनी हैं। यहां पदस्थ शिक्षक रवि कुमार चौधरी को नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह प्रावि आदिवासी बस्ती हस्तिनापुर पर शिक्षक श्रीनिवास जाटव गैरहाजिर मिले। 15 में से एक भी छात्र उपस्थित नहीं था। वहीं लक्ष्य के विरूद्ध 5 में से सिर्फ 1 बच्चे को प्रवेश दिया गया है। इसी क्षेत्र के प्रावि गहलोनी पर 2.45 बजे शिक्षक नरेन्द्र अग्रवाल हस्ताक्षर कर नदारद मिले जबकि प्रावि राजपुरा 3.20 बजे बंद पाया गया। यहां बालिका शौचालय बेहद जीर्णशीर्ण स्थिति में मिला। यहां भी अपार आईडी व प्रवेश की स्थिति खराब मिली। शिक्षिका शशि भदौरिया को नोटिस जारी किया गया है। वहीं प्रावि अलापुरा 3.40 बजे बंद था। यहां शिक्षक सुरेश मांझी पदस्थ हैं। चार बच्चों के लक्ष्य के विरूद्ध एक भी प्रवेश कक्षा 1 में नहीं किया गया और यूडाइस की प्रगति भी शून्य पाई गई। वहीं पोहरी विकासखण्ड के मावि गुरिच्छा पर 4 बजे ताले झूलते मिले, यहां पदस्थ तीन शिक्षक प्रेमदास बैरागी, प्रशांत शर्मा व अशोक शर्मा को नोटिस जारी किया गया है। 
जाफरपुर के शिक्षकों को मिली प्रशंसा
लापरवाहों के बीच ऐसे शिक्षकों की भी कमी नहीं है जो अपने कार्य से प्रशंसा और प्रशस्ति प्राप्त करते हैं। इसी क्षेत्र के जाफरपुर स्कूल पर जब डीपीसी पहुंचे तो दोपहर 3.05 बजे सभी शिक्षक तो उपस्थित मिले ही साथ ही 62 में से 28 छात्र भी मौजूद थे। डीपीसी ने बच्चों से सवाल जबाव किए। अधिकांश बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी संतोषजनक मिला जिस पर कार्यरत शिक्षकों की प्रशंसा की गई।
इनका कहना है
ग्रामीण क्षेत्र के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ स्कूल बंद मिले तो कुछ स्कूलों में शिक्षक गैरहाजिर थे। नोटिस जारी किए गए हैं। इन लापरवाहों पर कठोर कार्यवाही की जा रही है। जो शिक्षक अच्छा कार्य कर रहे हैं उनको और बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। 
दफेदार सिंह सिकरवार
डीपीसी शिवपुरी।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129