shivpuri शिवपुरी। जिला कलेक्टर एवं मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आदेश जारी किया है कि शिवपुरी जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के किसी भी सार्वजनिक, शासकीय, नजूल अथवा स्थानीय निकाय की भूमि पर किसी भी व्यक्ति, संस्था, समिति, संगठन अथवा समूह द्वारा किसी भी ऐतिहासिक, राजनैतिक, सामाजिक व्यक्तियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अथवा अन्य किसी व्यक्ति की प्रतिमा स्थापना नहीं की जा सकेगी। यानि जिले में सार्वजनिक स्थलों, शासकीय भूमि, नजूल भूमि, सड़क, चौराहे, पार्क, उद्यान सार्वजनिक उपयोग की भूमि तथा अन्य शासकीय परिसर में बिना सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के विभिन्न ऐतिहासिक, राजनीतिक, सामाजिक व्यक्तियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाएं स्थापित करने की प्रवृत्ति को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री Arpit Verma IAS ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार शिवपुरी जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा में बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व लिखित अनुमति के किसी भी सार्वजनिक, शासकीय, नजूल अथवा स्थानीय निकाय की भूमि पर किसी भी व्यक्ति, संस्था, समिति, संगठन अथवा समूह द्वारा किसी भी ऐतिहासिक, राजनैतिक, सामाजिक व्यक्तियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अथवा अन्य किसी व्यक्ति की प्रतिमा स्थापना नहीं की जा सकेगी।
प्रतिमा स्थापना से जुड़े निर्माण कार्य भी प्रतिबंधित
जारी आदेश के तहत प्रतिमा स्थापना के उद्देश्य से किसी भी प्रकार के चबूतरे, मंच, प्लेटफॉर्म, स्मारक, आधार संरचना अथवा अन्य स्थायी एवं अस्थायी निर्माण कार्य बिना अनुमति के किए जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही प्रतिमा या उससे संबंधित सामग्री को सार्वजनिक अथवा शासकीय भूमि पर रखने की भी अनुमति नहीं होगी।
भूमि पर कब्जा एवं आयोजन पर रोक
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रतिमा स्थापना के उद्देश्य से भूमि पर कब्जा करना, घेराबंदी करना, निर्माण सामग्री एकत्रित करना अथवा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिमा स्थापना से संबंधित किसी भी प्रकार की कार्यवाही प्रारंभ करने से पूर्व संबंधित विभाग एवं सक्षम प्राधिकारी से विधिवत अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
अनुमति के बिना नहीं होंगे शिलान्यास एवं अनावरण कार्यक्रम
किसी भी प्रकार का शिलान्यास, अनावरण, लोकार्पण अथवा प्रतिमा स्थापना समारोह सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बिना आयोजित नहीं किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों, संस्थाओं एवं संगठनों से आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
उल्लंघन पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कोलारस के ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति कर डाली थी प्रतिमा स्थापित
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसील कोलारस के ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले में प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा को हटाकर शासकीय अभिरक्षा में ले लिया गया है। साथ ही मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
ग्राम अनंतपुर में कुछ व्यक्तियों द्वारा गत दिवस देर रात बिना सक्षम अनुमति के ग्राम की आम निस्तार हेतु आरक्षित शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी।
एसडीएम कोलारस ने बताया कि इस प्रकार की घटना से क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई है।
प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को हटाकर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया है। इस प्रकरण में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है। शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। #shivpuri


सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें