Responsive Ad Slot

Latest

latest

#मामा_का_धमाका: किन्नर समाज ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

गुरुवार, 18 जून 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* धर्म परिवर्तन के लिए दबाव, मारपीट और लूटपाट के आरोप
शिवपुरी। रन्नौद किन्नर समाज से जुड़ी  महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन सौंपकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार नेहा अहिरवार एवं मुस्कान गुर्जर (किन्नर), निवासी थाना रन्नौद क्षेत्र, जिला शिवपुरी ने बताया कि कुछ लोग लगातार उन पर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और लगातार धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़िताओं का कहना है कि इस पूरे मामले में कुछ लोगों की मुख्य भूमिका है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर दबाव बना रहे हैं। आवेदन में बताया गया है कि कई बार उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया गया, जिससे वे भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
पीड़िताओं के अनुसार 16 जून 2026 को खतोरा क्षेत्र में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान नेहा अहिरवार और मुस्कान गुर्जर के साथ अभद्रता करते हुए अपमानित किया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों काफी डरी हुई हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों द्वारा उनके बाल काट दिए गए तथा सोने की चेन, मोबाइल फोन और अन्य सामान छीन लिया गया। पीड़िताओं का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया और भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
दोनों पीड़िताओं ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना न हो।
फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंप दिया गया है और पीड़िताओं को जांच के बाद न्याय मिलने की उम्मीद है।।आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।














कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129