shivpuri शिवपुरी। शिवपुरी के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने एवं पर्यटन विकास के उद्देश्य से एवी इंडिया टूर द्वारा “पर्यटन पर चर्चा” कार्यक्रम कासफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजनएवी इंडिया टूर के संचालक श्री विनय शर्मा के नेतृत्व में होटल कमला हेरिटेज में किया गया।
कार्यक्रम में एवी इंडिया टूर की टीम के सदस्य उत्कर्ष शर्मा, रुद्र पुरोहित, अनुष्ठा शर्मा एवं आदर्श ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अरविंद सिंह तोमर का मार्गदर्शन एवं सहयोग विशेष रूप से प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के आयोजन में कमला हेरिटेज के संचालक नरेंद्र जैन भोला एवं उनकी पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर श्रीमती विनीता जैन ने मंच को संबोधित करते हुए शिवपुरी की पर्यटन संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए तथा कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन (एंकरिंग) भी किया।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफल संचालन श्री देवेंद्र भार्गव एवं उनकी टीम ने संभाला। वहीं पर्यटन विकास के लिए प्रतिबद्ध वंदना शिवहरे एवं उनकी टीम द्वारा स्थानीयकला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आकर्षक आर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी का आयोजन किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
मुख्य विषय
कार्यक्रम में पर्यटन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के साथ सार्थक चर्चा की गई। सभी वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शिवपुरी में प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवंसांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि शासन, प्रशासन, स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगोंके संयुक्त प्रयास हों, तो शिवपुरी को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जा सकता है।
जन सहभागिता की कोशिश आरम्भ
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल चर्चा तक सीमित न रहकर, शिवपुरी पर्यटन के विकास के लिए ठोस सुझाव एवंजनसहभागिता को बढ़ावा देना था। एवी इंडिया टूर ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं पर्यटन संवर्धन कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
अलग अलग विचार मकसद एक, पर्यटन कैसे बढ़े, कीजिए एक नजर
शिवपुरी में पर्यटन बढ़ाने को लेकर विभिन्न वक्ताओं ने इसमें भागीदारी की। खास बात ये है कि एवी टूर्स की ओर से विनय शर्मा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की अग्रणी भूमिका थी और उन्होंने कहा कि शिवपुरी में पर्यटन को बढ़ावा मिला तो हमारी शिवपुरी तेजी से आगे बढ़ेगी और नशा हो या बेरोजगारी सभी समाप्त हो जाएगी। पन्ना, रणथम्भोर, जिम कार्बेट नेशनल पार्क, हल्दी घाटी आदि के उदाहरण देते हुए जिला पर्यटन संवर्धन समिति के कॉर्डिनेटर सौरभ गौड ने कहा कि इन सभी जगह से अधिक और हरियाली से सुसज्जित जंगल, झील झरने, चुडेल छाज और नरवर, करेरा के किले, सुरवाया की गढ़ी जैसे ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं। आवश्यकता है देश विदेश के पर्यटकों को शिवपुरी तक लाने की जो काम सभी को मिलकर करना होगा। साथ ही शहर के लोगों को पॉजिटिव विचार के साथ पर्यटन को बढ़ावा देना होगा। इसमें ऑटो, होटल से लेकर प्रत्येक पक्ष की महती आवश्यकता है। इतना ही नहीं 50 किमी के अंदर 2 बड़े नेशनल पार्क कूनो अभ्यारण्य और माधव टाइगर रिजर्व यहां मौजूद हैं। इन नेशनल पार्क में चीता, टाइगर, तेंदुआ एक साथ पर्यटक को देखने मिलते हैं जबकि पूरे देश में ऐसा अन्यत्र कहीं संभव नहीं है।
इतिहासकार मोहिते ने कहा, ताज होटल की सुविधा के साथ छतरी का वैभव लौट रहा
नगर के इतिहासकार छतरी ट्रस्ट के ऑफिसर ने कहा कि देश के 3 होटल में से एक है शिवपुरी का होटल जिसका निर्माण पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलासवासी माधवराव सिंधिया ने कराया था। अब फिर पर्यटन के विस्तार की आवश्यकता है। इसी के छोटे नगर में हमें
जल्द ही ताज, लेमन ट्री और ओबेरॉय जैसे होटल शहर में देखने मिलेंगे जिससे पर्यटकों को बेहतर आराम और अन्य सुविधा मिल सकेगी। छतरी ट्रस्ट ऑफिसर अशोक मोहिते ने आगे कहा कि पर्यटन में जायका महत्व रखता है, हमारे यहां फूड किस तरह का है स्वाद कैसा है ये जरूरी है जिससे पर्यटक जुड़ सकेंगे हालाकि अब शिवपुरी में अच्छे व्यंजन उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक संगमरमरी छतरी जो ताजमहल के संगमरमर की तरह शिवपुरी में मौजूद है। इसके बाग़ बगीचों को नया रूप दिया जा रहा है और जल्द फब्बारे आदि चलते नजर आएंगे।
अरविंद तोमर ने कहा
जिले में पर्यटन को नया आकार देने में पिछले कई सालों से जुटे जिला पर्यटन संवर्धन समिति के सचिव अरविंद सिंह तोमर ने कहा कि जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं । यहां एक समय डकैत थे लेकिन अब सफाया हो गया है लेकिन उनकी दास्तान सुनना पर्यटकों की बहुत भाता है। ऐसा हम पर्यटकों को टूर पर लाने के दौरान अनुभव कर सके हैं।
नरवर से आए युवा बोले, अलग प्रान्त की झलक देखने मिलती है
नरवर से आए युवा जिन्होंने पर्यटन के लिए अरविंद तोमर के साथ लंबे समय से काम किया है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कें या हवाई सफर, ट्रेन पर्यटन में बाधक नहीं है बल्कि टूरिस्ट आए तो सुविधाओं का पिटारा सरकार अपने आप खोल देती है। उदाहरण के लिए खजुराहो प्रदेश के कॉर्नर पर है लगा पर्यटन विकसित नहीं होगा लेकिन आज सबसे अधिक विदेशी पर्यटक खजुराहो आते है नतीजे में हवाई अड्डा बना दिया गया और वंदे भारत चलती है। ये बात उन्होंने तब कही जब विनय ने कहा की भारत की सबसे लग्जरी और प्रसिद्ध ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' (Maharajas' Express) ग्वालियर तक चलती है लेकिन शिवपुरी में पर्यटन की अपार संभावना होते हुए भी शिवपुरी नहीं आती।
उन्होंने कहा कि कोलारस में राजस्थान, मालवा और करेरा में बुंदेलखंड और ग्वालियर में भिंड मुरैना का जुड़ाव इन सभी स्थानों के बीच में शिवपुरी होने से साफ झलकता है। आखिर फिर ऐसी क्या बात है कि इतना सब होने और दो राष्ट्रीय राजमार्ग होने के बाबजूद पर्यटक शिवपुरी नहीं आते।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अशोक मोहिते, श्रीमती विभा रघुवंशी, श्री अरविंद सिंह तोमर, श्री सौरभ गौड, श्रीमती वंदना शिवहरे एवं श्रीमती शोभा पुरोहित की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने शिवपुरी के पर्यटन विकास पर अपने विचार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों की सराहना की और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। कार्यक्रम में पत्रकार विपिन शुक्ला मामा, मणिका शर्मा, नीतू जैन आदि मौजूद थे।




सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें