Responsive Ad Slot

Latest

latest

#mamakadhamakanews: जिला कलेक्टर अर्पित नल जल योजना की लेट लतीफी से नाराज, ठेकेदारों को दो नोटिस, अन्य खबरें, क्लिक लिंक

शुक्रवार, 31 जुलाई 2026

/ by Vipin Shukla Mama
shivpuri शिवपुरी। जिले के ग्रामीण अंचलों में प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 'जल जीवन मिशन' के कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा म.प्र. जल निगम द्वारा क्रियान्वित की जा रही समूह एवं एकल नल-जल योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि 'हर घर जल' शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजना है। अतः इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता, गुणवत्ताहीन कार्य या अनावश्यक देरी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
504 एकल नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
समीक्षा बैठक में पीएचई विभाग द्वारा संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। बताया गया कि जिले में स्वीकृत कुल 504 एकल ग्राम नल-जल योजनाओं के अंतर्गत 3,22,711 नल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 1,75,061 परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें से 338 योजनाओं में कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कलेक्टर श्री वर्मा ने शेष योजनाओं के कार्यों में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत कनेक्शन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जल निगम के कार्यों में देरी पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश
बैठक में म.प्र. जल निगम द्वारा संचालित समूह पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निर्माण कार्यों की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्य में अनावश्यक विलंब एवं लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के कड़े निर्देश जल निगम के अधिकारियों को दिए।
पाइपलाइन की गहराई व गुणवत्ता मानकों की होगी जांच, एसडीएम पोहरी को दिए निर्देश
समीक्षा के दौरान एसडीएम पोहरी को भी निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तय मानकों एवं नियमानुसार निर्धारित गहराई का पालन न किए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने एसडीएम पोहरी को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे मैदानी स्तर पर स्थलों का निरीक्षण कर लाइन बिछाने की गहराई तथा निर्माण गुणवत्ता की सूक्ष्मता से जांच करें और यह सुनिश्चित कराएं कि संपूर्ण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संपादित हो।
अंतर-विभागीय समन्वय और एसडीएम द्वारा मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में अन्य विभागों के निर्माण कार्यों के कारण पेयजल लाइन बाधित होने की समस्या पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने जल संसाधन विभाग, बीएसएनएल एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने की सख्त हिदायत दी, ताकि किसी भी विभाग के निर्माण कार्य से जल जीवन मिशन का काम प्रभावित न हो। साथ ही, उन्होंने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि वे मैदानी स्तर पर इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें और अंतर-विभागीय बाधाओं को तत्काल दूर कराकर कार्य को गति प्रदान करें।
540 गांवों में समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को कड़े
निर्देश दिए कि 540 गांवों में जारी पेयजल योजनाओं के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण कराकर जलापूर्ति प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को शीघ्रता से नल से शुद्ध पेयजल की निर्बाध सुविधा प्राप्त हो सके।
बैठक में पीएचई के कार्यपालन यंत्री, जल निगम के अधिकारी तथा संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
राजस्व प्रकरणों का समय पर करें निराकरण, कोताही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा
राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान के निर्देश

शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आज राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे। बैठक में सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, भूमि आवंटन, राजस्व वसूली और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए और कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब या कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
 कलेक्टर श्री वर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी तहसीलदारों को कार्यालयों तक सीमित न रहकर फील्ड में सतत भ्रमण करने और वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने नामांतरण और फौती नामांतरण में हो रही देरी पर कड़ी नाराजगी जताई और तहसीलदारों को पटवारियों की बैठक लेकर नामांतरण, बंटवारा व सीमांकन की प्रक्रिया को प्राथमिकता देने को कहा। इसके साथ ही, तीन महीने से अधिक समय से लंबित बंटवारा के प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। 
राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश
राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए एसडीएम स्तर से सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समस्त एसडीएम राजस्व वसूली पर ध्यान दें, इसकी लगातार समीक्षा की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा के भीतर संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि आम नागरिकों को अपनी भूमि और राजस्व संबंधी समस्याओं के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। यदि किसी भी स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फसल बीमा कराने की तारीख बढ़ी- अब 15 अगस्त तक करा सकते हैं बीमा
भारत सरकार ने ‘‘फसल बीमा माह’’ की समय सीमा बढ़ाई, किसान जल्द उठाएं फायदा
शिवपुरी, 30 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 सीजन में किसानों को फसल बीमा कराने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘‘फसल बीमा माह’’ का आयोजन 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक किया गया था। अब भारत सरकार ने इसकी समय सीमा बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दी है। यानी जो किसान अभी तक फसल बीमा नहीं करा पाए हैं वे 15 अगस्त तक बीमा करा सकते हैं।
‘‘फसल बीमा माह’’ के दौरान जिले के सभी ब्लॉक, तहसीलों और गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी और उन्हें फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बीमा कंपनी और संबंधित विभागों के बीच तालमेल बनाकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा।
किसान भाइयों से अपील है कि फसल बीमा कराकर अपनी फसल को प्राकृतिक आपदा, बेमौसम बारिश और अन्य नुकसान से सुरक्षित करें। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय या बैंक शाखा से संपर्क करें।
लापरवाही पर की कार्रवाई, दो प्राथमिक शिक्षक निलंबित
शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी श्री आकाश सिंह यादव ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले दो प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निरीक्षण में मिली कमियों पर हुई कार्यवाही
जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र श्री दफेदार सिंह सिकरवार द्वारा विकासखंड शिवपुरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया और विकासखंड पोहरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में साफ-सफाई की कमी, कक्षा-1 में नए प्रवेश नहीं होना, अपार आईडी बनाने में बेहद कम प्रगति तथा यू-डाईस प्रोग्रेशन शून्य पाया गया। जमौनिया विद्यालय में खिड़की भी टूटी हुई मिली।
शासकीय कार्यों में लापरवाही पर निलंबन
शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया के प्राथमिक शिक्षक श्री रवि कुमार चौधरी को शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने और लापरवाही बरतने के कारण पूर्व में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने इसका जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसी प्रकार शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा के प्राथमिक शिक्षक श्री सुरेश मांझी के विरुद्ध भी कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया के प्राथमिक शिक्षक श्री रवि कुमार चौधरी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोलारस एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा के प्राथमिक शिक्षक श्री सुरेश मांझी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है।
शिवपुरी के ओडीओपी में मूंगफली, टमाटर और माधव टाइगर रिजर्व पर्यटन क्षेत्र होंगे शामिल
अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्ताव पर हुई चर्चा
शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ जिले के स्थानीय उत्पादों को एक पहचान दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश में एक जिला एक उत्पाद योजना लाई गई है। शिवपुरी में बदरवास जैकेट को एक जिला एक उत्पाद में शामिल किया गया है।
गतदिवस अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यानिकी, कृषि, वन, कुटीर एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन, मत्स्य, पशुपालन और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
 बैठक में शिवपुरी जिले के लिए अतिरिक्त एक जिला एक उत्पाद की पहचान और चयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
ओडीओपी क्या है और इससे क्यों मिलता है फायदा
ओडीओपी यानी "एक जिला एक उत्पाद" एक महत्वपूर्ण योजना है जिसके तहत हर जिले के खास उत्पाद को चुनकर उसे बड़े बाजार तक पहुंचाया जाता है। इस योजना से स्थानीय उत्पादकों, किसानों और कारीगरों को सीधा फायदा होता है। उन्हें सरकारी मदद, बाजार, प्रशिक्षण और ब्रांडिंग की सुविधा मिलती है जिससे उनकी आमदनी बढ़ती है और रोजगार के नए मौके पैदा होते हैं।
बदरवास जैकेट पहले से है ओडीओपी में शामिल
शिवपुरी जिले की बदरवास जैकेट पहले से ही ओडीओपी में चयनित है और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। इस जैकेट की अपनी खास बनावट और डिजाइन है जो इसे देश के अन्य उत्पादों से अलग बनाती है।
मूंगफली और टमाटर को मिलेगी नई पहचान
बैठक में कृषि विभाग की ओर से मूंगफली और उद्यानिकी विभाग की ओर से टमाटर को अतिरिक्त ओडीओपी में शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सभी विभागों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया। शिवपुरी जिले के करेरा, पिछोर, खनियाधाना और नरवर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मूंगफली की खेती होती है। इसी तरह शिवपुरी, कोलारस और पोहरी क्षेत्र में टमाटर का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है। ओडीओपी में शामिल होने से इन दोनों फसलों के किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा, उनकी उपज की ब्रांडिंग होगी और आमदनी में बढ़ोतरी होगी। साथ ही प्रसंस्करण इकाइयां लगने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
माधव टाइगर रिजर्व से मिलेगी अंतर्राष्ट्रीय पहचान
बैठक में पर्यटन विभाग की ओर से माधव टाइगर रिजर्व को ओडीओपी में शामिल कराने का प्रस्ताव रखा गया जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। माधव नेशनल पार्क शिवपुरी की पहचान है। यहां टाइगर पुनर्स्थापन के बाद इसे टाइगर रिजर्व भी घोषित किया गया है और यहां चीतल, सांभर, तेंदुआ, भालू सहित अनेक वन्य प्राणी पाए जाते हैं। ओडीओपी में शामिल होने से इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए मौके मिलेंगे। इससे शिवपुरी को देश-विदेश में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
इस प्रकार शिवपुरी जिले में अब बदरवास जैकेट के साथ-साथ मूंगफली, टमाटर और माधव टाइगर रिजर्व भी ओडीओपी में शामिल होंगे। इन उत्पादों के प्रस्ताव प्रदेश के नोडल विभाग एमपीआईडीसी को भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए- कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा
समस्त जनपद सीईओ और सीएमओ को समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन के भी दिए निर्देश
शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने आज जनपद पंचायत के समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगर परिषद और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में 7 अगस्त से शुरू होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने निर्देश देते हुए कहा है कि अगस्त माह से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों तक बुनियादी सेवाएं पहुंचाना, संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और एक सक्रिय कार्य प्रणाली से आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने इस अभियान की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए समस्त सीईओ को निर्देश दिए हैं। इसके अलावा बैठक में मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना अनुग्रह सहायता राशि के प्रकरणों की भी चर्चा की गई और जिन जनपदों में सर्वाधिक प्रकरण लंबित है उन्हें जल्द निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में कराएं पंजीयन
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन कराया जाए। यह योजना उन मजदूरों के लिए है जिनकी मासिक आय 15,000 रुपए या उससे कम है और जो आयकर दाता नहीं हैं। 18 से 40 वर्ष की आयु के मजदूर इस योजना में शामिल हो सकते हैं। योजना में आयु के अनुसार हर माह 55 रुपए से 200 रुपए तक जमा करने होते हैं और इतनी ही राशि सरकार भी जमा करती है। 60 वर्ष की आयु के बाद लाभार्थी को हर महीने 3,000 रुपए पेंशन मिलती है। इस योजना में कचरा उठाने वाले, घरेलू कामगार, रिक्शा चालक, धोबी, खेतिहर मजदूर, दैनिक मजदूर, निर्माण कार्य में लगे मजदूर, घरेलू कर्मचारी और कारीगर सभी शामिल हो सकते हैं।
दस्तक अभियान- छात्र-छात्राओं ने सीखा फील्ड टेस्ट किट से पानी की जांच करना, निकाली जागरूकता रैली
शिवपुरी, 30 जुलाई 2026/ जिले में संचालित दस्तक अभियान के अंतर्गत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार विकासखंड पिछोर के ग्राम मनपुरा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा डायरिया रोको अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम के पेयजल स्रोतों का क्लोरिनेशन किया गया तथा जल गुणवत्ता और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री शुभम अग्रवाल के मार्गदर्शन में विकासखंड समन्वयक श्रीमती अमिता गोस्वामी, श्रीमती वंदना गौर एवं श्रीमती रंजना शर्मा द्वारा स्कूली बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं शिक्षकों को डायरिया और हैजा जैसी बीमारियों के कारण, बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। उपस्थित सभी को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया तथा दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव के तरीके समझाए गए।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामवासियों को जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल उपयोग और पानी की बर्बादी रोकने का संदेश दिया।

















कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129