शिवपुरी। शिवपुरी, 19 अगस्त 2026। कोतवाली पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक साथ कई बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरीली हाथ भट्टी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, पशुओं और अवैध शराब के परिवहन के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को दबोचकर जेल भेजा, वहीं अलग-अलग स्थानों पर सट्टा खिलाते दो आरोपियों को पकड़कर 4,430 रुपये नकद और सट्टा पर्चियां बरामद की हैं। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से अवैध शराब, पशु तस्करी और सट्टे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे द्वारा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
दर्रोनी तिराहे पर जहरीली शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
18 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि दर्रोनी तिराहे के पास एक व्यक्ति शराब बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर सतीश परिहार पुत्र गुलाब सिंह परिहार, उम्र 35 वर्ष, निवासी लालमाटी आजाद नगर कॉलोनी, शिवपुरी को पकड़ लिया। उसके हाथ में मौजूद सफेद कट्टी की तलाशी लेने पर करीब 4 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 642/26, धारा 49क एवं 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
पशुओं से ठूंस-ठूंस भरी पिकअप और 67 लीटर शराब के मामले में दो फरार आरोपी भी दबोचे
कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 192/26 में लंबे समय से फरार चल रहे अफसर खांन उर्फ वंशी और जहीर खांन को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। यह मामला 18 मार्च 2026 का है। पुलिस ने कठमई तिराहे से एक पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 07-एजी-9065 पकड़ा था। वाहन में 11 भैंसे और 5 पड़िया ठूंस-ठूंसकर भरी हुई थीं, जबकि चार प्लास्टिक की कट्टियों में करीब 67 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद हुई थी। पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत की पिकअप और लगभग 6,700 रुपये की शराब जब्त की थी। मौके से नीसिर खांन, वकील और आसिफ खांन को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मामले में अफसर खांन उर्फ वंशी और जहीर खांन फरार चल रहे थे। पुलिस टीम ने दोनों को 18 अगस्त को शिवपुरी से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर दोनों को जेल दाखिल कराया गया।
सट्टे के अड्डों पर भी पुलिस की दबिश, 4,430 रुपये बरामद
इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 18 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। कालीमाता मंदिर के पास मनियर रोड से करन पुत्र मोहन, उम्र 31 वर्ष, निवासी टोंगरा रोड फतेहपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट और 950 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं रेन बसेरा के पास बस स्टैंड शिवपुरी से हर्ष पुत्र कैलाश, उम्र 21 वर्ष, निवासी फतेहपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो सट्टा अंक पर्चियां, एक डॉट और 3,480 रुपये नकद बरामद किए गए। दोनों आरोपियों से कुल 4,430 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 639/26 एवं 640/26, धारा 4क सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस का संदेश साफ, अवैध कारोबार पर लगातार जारी रहेगा शिकंजा
एक ही दिन में अवैध शराब, फरार आरोपियों और सट्टे के खिलाफ हुई इन कार्रवाइयों ने कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता को साफ तौर पर सामने ला दिया है। पुलिस ने संकेत दिया है कि अवैध शराब, पशु तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उनि. मुरारी यादव, उनि. सुमित शर्मा, प्र.आर. महाराज सिंह, अवतार सिंह, मोहन चौहान, आर. कुलदीप सरदार, करन सिंह, रिंकेश धाकड़, दीपक राठौर, बाबूलाल नागर एवं रविकुमार सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
















सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें