शिवपुरी। शहर के होटल कमला हेरिटेज में रविवार को प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन शिवपुरी द्वारा मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिवपुरी ब्लॉक के 71 निजी विद्यालयों के करीब 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्रत्येक विद्यालय से चार विद्यार्थियों का चयन सम्मान के लिए किया गया था।
कार्यक्रम में चयनित सभी मेधावी विद्यार्थियों को प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की ओर से शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया, वहीं संबंधित विद्यालय के संचालक अथवा प्रतिनिधि को भी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान गीता पब्लिक स्कूल की प्रदेश टॉपर अंतरा जैन का विशेष सम्मान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव मौजूद रहीं। इसके अलावा पुरानी शिवपुरी भाजपा मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा, कोलारस तहसीलदार मनीषा मिश्रा, कैट प्रदेश उपाध्यक्ष पवन जैन, प्रदेश सचिव राजकुमार शर्मा, चाइल्ड वेलफेयर के प्रदेश अध्यक्ष पवन शर्मा,प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की जिला अध्यक्ष सुषमा पांडे, जिला सचिव गजेंद्र शिवहरे, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, ब्लॉक सचिव सुशेंष भदौरिया एवं ब्लॉक कोषाध्यक्ष विनोद धाकड़ मंचासीन रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
समारोह के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। शिक्षा की सफलता में परिवार, विद्यार्थी और शिक्षक तीनों की बराबर भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कोलारस तहसीलदार मनीषा मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ता है। बच्चों के जीवन में प्रतियोगिता भी जरूरी है, क्योंकि इससे उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा पैदा होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं बल्कि देश, समाज और परिवार के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का माध्यम भी है। शिक्षा व्यक्ति को विनम्र बनाती है और उसे कर्तव्य का बोध कराती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी संपत्ति है, जिसे कोई चुरा नहीं सकता।
भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज जो लोग मंच पर बैठे हैं, वे एक दिन इस मंच से विदा होंगे और सामने बैठे यही बच्चे देश का भविष्य बनकर मंच पर आएंगे तथा बड़े-बड़े पदों पर आसीन होकर समाज और देश की सेवा करेंगे।
शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को संस्कृति और संस्कारों का ज्ञान भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में आज बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में लगातार तरक्की कर रहे हैं और उन्हीं की प्रतिभा व मेहनत के कारण देश चांद तक पहुंच चुका है। विधायक ने कबीरदास के प्रसिद्ध दोहे 'गुरु गोविंद दोऊ खड़े...' का उदाहरण देते हुए जीवन में गुरु के महत्व को भी समझाया।
अतिथियों को भी प्रदान किए स्मृति चिन्ह
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अशोक रंगड़ एवं गोपेंद्र जैन ने किया। समारोह के अंत में प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन की ओर से मंचासीन सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया।












सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें