शिवपुरी। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था का खामियाजा अब सीधे आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को एमएम हॉस्पिटल चौराहे पर घंटों लंबा जाम लगा रहा। जाम में एंबुलेंस भी फँसी नजर आई, जबकि आम वाहन चालक और राहगीर घंटों तक परेशान होते रहे।
जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोग अपने जरूरी कामों के लिए समय पर नहीं पहुंच सके। स्कूल जाने वाले विद्यार्थी, नौकरीपेशा लोग, बुजुर्ग और जरूरी काम से निकले नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जनता पूछ रही—आखिर कब सुधरेगी व्यवस्था?
शहरवासियों का कहना है कि जाम अब रोज की परेशानी बनता जा रहा है। प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ने के बावजूद प्रभावी ट्रैफिक व्यवस्था नजर नहीं आती। लोगों को घंटों जाम में फँसकर अपना कीमती समय गंवाना पड़ता है।
सबसे चिंता की बात यह है कि जाम में एंबुलेंस तक फँस रही है। ऐसे हालात में मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सिर्फ चालान नहीं, चाहिए बेहतर यातायात व्यवस्था
जनता का सवाल है कि यातायात व्यवस्था का उद्देश्य केवल वाहन चालकों के चालान काटना नहीं, बल्कि सड़कों पर यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखना भी है।
शहरवासियों ने मांग की है कि एमएम हॉस्पिटल चौराहे, अस्पताल चौराहा, गुरुद्वारे चौराहे, सहायता केंद्र, जनसंपर्क ऑफिस थीम रोड, कमलागंज, धर्मशाला रोड, न्यू ब्लॉक चौराहा, पुरानी शिवपुरी उत्तम डेयरी कॉर्नर, कमलागंज सब्जी मंडी, गांधी चौक, कोर्ट रोड, चाबीघर रोड और माधव चौक सहित अन्य प्रमुख जाम वाले स्थानों पर पीक टाइम में पर्याप्त यातायात बल तैनात किया जाए और जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।
शिवपुरी की जनता अब सवाल कर रही है—जब शहर घंटों जाम में फँसकर परेशान है और एंबुलेंस तक रास्ते के लिए जूझ रही है, तो आखिर जिम्मेदार कब जागेंगे?











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें