Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: बैंड की धुन पर कदम ताल और सलामी के साथ राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ आगाज

बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* परिणाम जो भी खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ दें खिलाड़ी: जिपं अध्यक्ष नेहा
शिवपुरी। अपने-अपने संभागों की तख्तियां और ध्वज थामकर शहर के सरस्वती विद्यापीठ स्कूल के घोष (बैंड) की धुन पर रंगबिरंगी पोशाकों में बुधवार की दोपहर 4 बजे श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में 10 संभागों से आए 700 बालक-बालिकाओं ने कदम ताल शुरू किया तो माहौल मंत्रमुग्ध करने वाला हो गया। एक-एक करके दस संभागों की टीम मंच के सामने से गुजरी और परंपरागत तरीके से अतिथियों को सलामी देते हुए आगे बढ़ते गए। इसी के साथ शिवपुरी में 70 वी 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज हो गया। शुभारंभ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव ने प्रदेशभर से आए खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे जिले को लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिल रही है जो हमारे लिए सौभाग्य की बात है। सभी खिलाड़ी परिणाम की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना 100 फीसदी प्रदर्शन मैदान में करें और शिवपुरी से अच्छी यादें लेकर जाएं। इससे पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने स्वागत भाषण में कहा कि शिवपुरी जिले के लिए सौभाग्य की बात है हम इस आयोजन के साक्षी बन रहे हैं। सभी बच्चे सुरक्षा और खेल भावना के साथ खेलें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शर्मा, करैरा विधायक रमेश खटीक, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, भाजपा उपाध्यक्ष शिवम दुबे, विधायक प्रतिनिधि प्रशांत राठौर, पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय राठौर सहित भाजपा नेता, शिवम अग्रवाल मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे, बीईओ मनोज निगम, प्राचार्य एनके जैन, कोच अजय बाथम, विवेक वर्धन शर्मा, नीरज सरैया आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी व गिरीश मिश्रा मामा द्वारा किया गया। 
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान संस्कार स्कूल की छात्राओं ने म्हारो प्यारो राजस्थान गीत पर सुंदर प्रस्तुति दी और खूब तालियां बटोरीं। वहीं गुरूनानक स्कूल के बच्चों ने उतरें मुझमें आदी योगी गीत पर योग कला की शानदार प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान विभिन्न समितियों में शामिल गयादीन तरेटिया, मनोज गुप्ता, कपिल दुबे, सदाशिव भार्गव, संस्कार मिश्रा, महेन्द्र तोमर, अशोक चौधरी, दीपक मांझी, अनिल मलावरिया आदि की सराहनीय भूमिका रही। 
100 मीटर रेस में भरा फर्राटा
प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के बाद पहले ही दिन 100 मीटर रेस के हीट चरण आयोजित किए गए। प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि बालिका वर्ग में तीन हीट चरण में उज्जैन की मानसवी तिवारी ने 13.37 सेकेण्ड सहित रिचा स्वामी नर्मदापुरम, अकक्षिता उज्जैन, स्नेहा यादव रीवा व जसटिना सोनवानी भोपाल, स्तुति जैसवाल इंदौर, आसी कसेरा ग्वालियर व सपना डाबर, जनजातीय कार्यविभाग ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया, वहीं बालक वर्ग में ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी, 11.61 सेकेण्ड सहित बबलू जमरा जनजातीय कार्य विभाग, बृजेश धु्रवे जबलपुर, अभयराज सिंह भोपाल, कौशल ठाकुर नर्मदापुरम, अर्णव श्रीवास्तव भोपाल, अश्र महेश्वरी उज्जैन व जबलपुर के आयुष लोधी ने अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129