Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: बाल शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* "पुरानी यादों के संग फिर सजा स्कूल का आँगन, पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए अनुभव"
शिवपुरी। बाल शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवपुरी में विद्यालय की संचालिका श्रीमती बिंदु छिब्बर द्वारा पूर्व छात्र मिलन समारोह का उत्साह एवं(फोटो कैप्शन: पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह भी पूर्व छात्र रहे हैं)
आत्मीयता के साथ भव्य आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 1997 से 2000 तक के पूर्व छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
वर्षों बाद अपने पुराने विद्यालय लौटे विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और अपनत्व की चमक साफ झलक रही थी। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की संस्थापिका श्रीमती शमा छिब्बर जी की छायाप्रति पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात सभी ने पूरे विद्यालय परिसर का भ्रमण किया। अपनी पुरानी कक्षाओं, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और खेल के मैदान को देखकर वे बेहद प्रसन्न हुए और विद्यालय से जुड़ी पुरानी स्मृतियाँ सभी के बीच चर्चा का विषय बन गईं।
आज इनमें से कई पूर्व विद्यार्थी इंजीनियर, डॉक्टर, मैनेजर, पत्रकार, व्यवसायी, अभिनेता एवं नेता जैसे प्रतिष्ठित पदों पर अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, लेकिन इस अवसर पर सभी अपने पद और उपलब्धियों से परे एक बार फिर विद्यार्थी जीवन में लौट आए। सभी ने मिलकर विभिन्न मनोरंजक खेलों में भाग लिया, स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया और स्कूल के दिनों की शरारतों तथा दोस्तों की यारी के किस्से साझा किए। हँसी-ठहाकों और पुरानी यादों से पूरा परिसर जीवंत हो उठा।
       विद्यालय के पूर्व छात्र एवं विधायक श्री कैलाश कुशवाहा ने भी अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। गुरु ही हमें सही राह दिखाते हैं और एक सफल इंसान बनने की प्रेरणा देते हैं। आज हम जो कुछ भी हैं, वह अपने गुरुजनों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन का ही परिणाम है। उन्होंने सभी पूर्व विद्यार्थियों से अपने विद्यालय और शिक्षकों से सदैव जुड़े रहने का आह्वान किया।
      समारोह का विशेष आकर्षण उस दौर के शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य श्रीमती शशि पचौरी, श्रीमती शोभा फर्नांडीज, श्री जे.पी. सक्सेना, श्री विनय श्रीवास्तव, श्री हरिओम गौतम, श्री दिनेश पाल, श्री कमल गर्ग तथा तत्कालीन अंग्रेजी शिक्षिका एवं वर्तमान विद्यालय संचालिका श्रीमती बिंदु छिब्बर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
     अपने गुरुजनों को वर्षों बाद सामने देखकर पूर्व विद्यार्थियों ने चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं शिक्षकों ने भी अपने पुराने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता और गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
      यह मिलन समारोह केवल एक औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि गुरुजनों के प्रति सम्मान, विद्यालय के प्रति आत्मीय जुड़ाव और जीवनभर संजोकर रखी जाने वाली यादों को फिर से जीने का एक खूबसूरत अवसर बन गया। 
समारोह के अंत में प्राचार्य श्री पवन उपाध्याय एवं प्रधानाचार्य श्री अवस्थि ने पूर्व विद्यार्थियों ने प्रतिवर्ष इसी तरह मिलने और अपने विद्यालय से जुड़े रहने का अनुरोध किया एवं आभार व्यक्त किया.











कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129