Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: शिवपुरी के पीजी कॉलेज में गूंजी 'वन नेशन, वन इलेक्शन' की गूंज; 'माय भारत' के युवा संवाद और राष्ट्रीय युवा संसद का भव्य आयोजन

गुरुवार, 5 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
शिवपुरी। शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालय, शिवपुरी में 'माय भारत'  के तत्वावधान में जिला स्तरीय 'युवा संवाद' एवं 'राष्ट्रीय युवा संसद' कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। यह गरिमामयी कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्रोफेसर्स के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रेया कंदोला एवं 'माय भारत' के स्वयंसेवकों के विशेष प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम 'वन नेशन, वन इलेक्शन' (एक देश, एक चुनाव) रही।
संसद के रूप में बदला कॉलेज का सभागार
राष्ट्रीय युवा संसद के दौरान कॉलेज का सभागार हूबहू देश की संसद के रूप में नजर आया। युवाओं ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसदों की भूमिका निभाते हुए 'वन नेशन, वन इलेक्शन' विषय पर जोरदार बहस की। पक्ष में बोल रहे युवाओं ने जहां इसे देश के धन और समय की बचत करने वाला कदम बताया, वहीं विपक्ष ने संघीय ढांचे और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर दमदार तर्क रखे। इस प्रतियोगितामें प्रथम पुरस्कार मंजरी शर्मा ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान पर ज़ोया जाफ़री रही और तीसरे स्थान पर वैष्णवी गर्ग रही।
'विकसित भारत' पर हुआ संवाद
इसके साथ ही आयोजित 'युवा संवाद' सत्र में छात्र-छात्राओं ने देश की चुनाव प्रणाली में सुधार और 'विकसित भारत @2047' के सपने को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर खुलकर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि 'माय भारत' डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक बेहतरीन माध्यम साबित हो रहा है।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
मुख्य अतिथि प्राचार्य व प्रोफेसर्स और जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रेया कंदोला ने सभी प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता और संसदीय अनुशासन की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान युवाओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज का स्टाफ, 'माय भारत' की पूरी टीम और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।













कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129