नरवर। जीवन की भागदौड़ और तनाव के बीच स्वयं के लिए कुछ समय निकालना और जीवन को सकारात्मक दृष्टिकोण से देखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर गुरुकुल स्कूल ऑफ स्टडी, नरवर में राज्य आनंद विभाग के तत्वावधान में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं प्रबंधन के लिए ‘अल्प विराम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद करीब दो घंटे तक चले विशेष सत्र में शिक्षकों के साथ जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया गया। सकारात्मक जीवन जीने की कला, तनाव के बीच खुश रहने, दूसरों को क्षमा कर आगे बढ़ने, स्वयं को स्वीकार करने तथा विद्यार्थियों के साथ मधुर एवं आत्मीय संबंध स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सत्र को केवल व्याख्यान तक सीमित न रखते हुए संवादात्मक बनाया गया। विभिन्न गतिविधियों और प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से शिक्षकों को अपने अनुभव साझा करने तथा जीवन से जुड़े प्रश्नों पर खुलकर चर्चा करने का अवसर मिला।
राज्य आनंद विभाग, भोपाल से आए श्री राजेश पटेल, श्री साकेत पुरोहित, श्री पुष्पेंद्र लोधी, श्री सेन एवं श्री प्रियांशु भार्गव सहित टीम के सदस्यों ने सत्र का संचालन किया।
कार्यक्रम के बाद शिक्षकों ने इसे अपने लिए एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी अनुभव बताया। शिक्षकों के अनुसार, ‘अल्प विराम’ ने उन्हें रोजमर्रा की व्यस्तता से कुछ समय निकालकर स्वयं के बारे में सोचने और जीवन को अधिक सकारात्मक नजरिए से देखने का अवसर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर गुरुकुल स्कूल ऑफ स्टडी प्रबंधन द्वारा राज्य आनंद विभाग की टीम के सदस्यों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि एक शिक्षक जितना प्रसन्न, सकारात्मक और मानसिक रूप से संतुलित होगा, वह विद्यार्थियों के साथ उतने ही बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी शिक्षकों के व्यक्तित्व एवं सकारात्मक विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











सच्ची और अच्छी खबरें पढ़ने के लिए लॉग इन कीजिये "मामा का धमाका डॉट कॉम"।
ये है, आपकी अपनी आवाज।
फोन कीजिये। खबर भेजिये वाट्सअप नम्बर 98262 11550 या मेल कीजिये 550vip@gmail.com
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें