Responsive Ad Slot

Latest

latest

#धमाका_न्यूज: राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर शासकीय महाविद्यालय नरवर में पत्रकारिता सेमिनार का हुआ आयोजन

मंगलवार, 17 नवंबर 2026

/ by Vipin Shukla Mama
* जिले एवं नरवर तहसील के वरिष्ठ पत्रकारों ने विद्यार्थियों से किया संवाद, पत्रकारिता के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों पर रखे विचार
नरवर। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय महाविद्यालय नरवर में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पत्रकारिता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिवपुरी जिले एवं नरवर तहसील के अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर विद्यार्थियों को पत्रकारिता के महत्व, उसकी चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों से अवगत कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य श्री नवल किशोर जी ने स्वागत उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अनुपम शुक्ला जी, मामा का धमाका डॉट कॉम के संपादक श्री विपिन शुक्ला जी, महासचिव श्री मुकेश जैन जी, स्वराज न्यूज  के श्री वीरेंद्र जैन भुल्ले जी, गूंजता भारत की संपादक सुश्री मणिका शर्मा जी, खबर फास्ट न्यूज चैनल के संवाददाता श्री कमर खान जी, नरवर के वरिष्ठ पत्रकार श्री देवेंद्र शर्मा जी, नरवर पत्रकार कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री दीपक कुशवाहा जी, श्री जितेन शर्मा जी सहित अन्य पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री धीरज गुप्ता, श्री रामलखन कुशवाह, श्री राजेंद्र गुर्जर, श्री विशाल चौरसिया, श्री प्रतीक शर्मा एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं सम्मान के साथ स्वागत किया गया।
सेमिनार के दौरान सभी पत्रकारों ने विद्यार्थियों के साथ पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संकलन और प्रसारण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ होने के साथ-साथ समाज को जागरूक करने, आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का सशक्त माध्यम है। देश के विकास, सामाजिक परिवर्तन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पत्रकारों ने अपने अनुभवों और कार्यक्षेत्र की चुनौतियों को विद्यार्थियों के साथ साझा किया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह और गंभीरता के साथ वक्ताओं को सुना तथा संवाद में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस प्रकार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री धीरज गुप्ता, प्राचार्य श्री नवल किशोर जी, समिति के सदस्यों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात सभी पत्रकार बंधुओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन श्री विशाल चौरसिया जी ने किया। अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता की शक्ति, निष्पक्षता, जिम्मेदारी और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।












कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

© all rights reserved by Vipin Shukla @ 2020
made with by rohit Bansal 9993475129